समाजसेवा की मिसाल: शिक्षक नारायण सिंह ने आयुष औषधालय हेतु दान की भूमि, मंत्री व सांसद ने किया सम्मानित

बटियागढ़। शिक्षक केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्तंभ भी होता है। ऐसे ही एक उदाहरण के रूप में सामने आए हैं ग्राम पिपरोधा (तहसील बटियागढ़) निवासी शिक्षक नारायण सिंह, जिन्होंने समाज हित में एक अनुकरणीय कार्य करते हुए आयुष औषधालय की स्थापना हेतु आधा एकड़ भूमि दान में दी है।
इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए मध्यप्रदेश शासन के मंत्री लखन पटेल एवं दमोह सांसद राहुल सिंह द्वारा नारायण सिंह का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया।
नारायण सिंह, जो स्व. श्री सूरत सिंह के पुत्र हैं, ने यह भूमि अपने गांव पिपरोधा में निःस्वार्थ भाव से दान की, जिससे ग्रामवासियों को शीघ्र ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उनके इस योगदान को न केवल प्रशासनिक स्तर पर सराहा गया, बल्कि समूचे क्षेत्र में उनकी प्रशंसा हो रही है।
समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में समर्पित ऐसे शिक्षकों का कार्य नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।




















