पुजारी की मौत के बाद सड़क पर जाम, मंगलवार को पीपल के पेड़ की डाल गिरने से हुए थे घायल

दमोह । दमोह जिले के बांदकपुर जागेश्वर नाथ धाम मंदिर में पुजारी गणेश दुबे की मौत के बाद गांव के लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर गुरुवार दोपहर बांदकपुर में सड़क पर जाम लगा दिया। करीब 1 घंटे चले विरोध प्रदर्शन में लोगों ने नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह को ज्ञापन देने के बाद यह मांग की है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए और मृतक के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा दिया जाए। यदि एक सप्ताह में दोनों मांगे पूरी नहीं हुई तो बांदकपुर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। मंगलवार दोपहर पुजारी गणेश दुबे 48 बांदकपुर झंडा बजार में चाय पीने के लिए एक दुकान पर रुक गए थे। इसी समय पीपल के पेड़ की डाल टूटकर उनके सिर पर गिरी, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया था। हालत नाजुक होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई थी पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचा गांव के लोगों ने परिजनों के साथ मिलकर खेर माता मंदिर के पास सड़क पर जाम लगा दिया। खबर मिली तो हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर, चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा के साथ नायब तहसीलदार सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में यह दूसरी बड़ी घटना है। करीब 2 साल पहले इसी गांव में एक पिता और उनकी छोटी बेटी की इसी तरह इमली के पेड़ की सूखी डाल गिरने से मौत हो गई थी और यह दूसरी मौत पुजारी की हुई। ग्राम पंचायत में ऐसे कई सूखे पेड़ है जिनकी छटनी ग्राम पंचायत के द्वारा नहीं की जाती है और लगातार हादसे हो रहे। इसमें सीधे तौर पर ग्राम पंचायत के सदस्य, प्रतिनिधि दोषी हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा प्रशासन की ओर से पुजारी के परिवार को 10 लाख रुपए और मंदिर ट्रस्ट की ओर से पुजारी के परिवार को ₹500000 की मुआवजा राशि दी जाए। साथ में मृतक पुजारी के बेटे को मंदिर में नौकरी दी जाए। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन शांत हो गया और मृतक पुजारी का अंतिम संस्कार किया गया।
















