पत्नी को लेने गए पति सहित तीन पर ससुराल पक्ष ने किया जानलेवा हमला

बटियागढ़ । पत्नी को लेने गए पति सहित देवर और उसके दोस्त पर ससुराल पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलई घाट जिला सागर में घटित हुई।
मिली जानकारी के अनुसार बटियागढ़ थाना क्षेत्र के फुटेरा कला निवासी सदीप खगार पिता कंछेदी खगार (उम्र 30) अपनी पत्नी सगीता को लेने रविवार को ग्राम बेलई घाट थाना नरयावली जिला सागर गए थे। जहां पर विवाद होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया।
घटना में सदीप खगार सहित उसका भाई राजा खगार (27) और दोस्त तनुज पाने उर्फ मुन्ना पाने (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों किसी तरह अपनी जान बचाकर रात करीब 9 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।
घायल सदीप खगार ने बताया कि उसकी पत्नी सगीता एक साल से अपने मायके ग्राम बेलई घाट में रह रही है। पत्नी को लेने गया था, तभी विवाद हो गया और ससुराल पक्ष के लोगों ने घेरकर मारपीट शुरू कर दी। हमले के बाद वे लोग जान बचाकर भागे, यहां तक कि काफी दूर तक उनका पीछा भी किया गया।




















