यूरिया के लिए तरसते किसानों का टूटा सब्र का बांध, बने धक्का मुक्की के हालात, आक्रोशित किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर घुसने का किया प्रयास बमुश्किल हालात हुए काबू

दमोह, तेन्दूखेड़ा!- जिले में हो रही अच्छी बारिश के दौर के बीच सभी इस वर्ष अच्छी फसलों की उम्मीद लगा रहे हैं। लेकिन खेतों में मेहनत कर रहे किसान बाजारों में खाद की कमी के चलते परेशान नजर आ रहे हैं। और हालात यह है की घंटों लाइन में लगे रहने के बाद भी किसानों को खाद नसीब नहीं हो रहा है जिससे अब उनके सब्र का बांध टूटने लगा है।
ऐसे ही हालत सोमवार को तेंदूखेड़ा के डबल लॉक गोदाम में देखने को मिले जहां एक सप्ताह से यूरिया खाद का इंतजार कर रहे किसानों को जब खाद नसीब नहीं हुई तो वह आक्रोशित हो गए। और उनके द्वारा बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया गया जिसके चलते वहां मौजूद पुलिस और प्रशासन के साथ धक्का मुक्की के हालात बन गए। हालांकि कुछ देर में हालातो पर काबू पा लिया गया। लेकिन आक्रोशित किसानों का कहना था कि वरिष्ठ अधिकारियों की मनमर्जी के चलते हालात ऐसे बने हैं की कई किसानों को दो-दो बोरी यूरिया मिल गया है और बाकी के साथ सुबह से लाइन में खड़े होने के बाद भी यूरिया नहीं पा सके है।
प्राप्त जानकारी अनुसार तेंदूखेड़ा क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह से यूरिया उपलब्ध नहीं थी। और रविवार को वितरण हेतु 5 ट्रक यूरिया आया था। उक्त यूरिया के वितरण के लिए सोमवार सुबह से डबल लॉक गोदाम में तीन काउंटर बनाए गए थे। खाद वितरण होने की जानकारी मिलने पर मौके पर किस पहुंचने लगे और सैकड़ो की संख्या में किसान आकर लाइन में लग गए। इस दौरान सर्वर डाउन होने और पीओएस मशीन से वितरण में हो रही देरी के भीड़ बढ़ने लगी और किसान धक्का मुक्की भी करने लगे।
एसडीएम ने बदल दी व्यवस्था
वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस की उपस्थिति में यूरिया का वितरण चल ही रहा था कि इसी दौरान वहां पहुंचे एसडीएम सौरव गंधर्व ने हालातों को देखकर व्यवस्थाओं में बदलाव किया और किसानों को टोकन देते हुए बनाए गए काउंटर के स्थान पर सीधे गोदाम से खाद्य वितरण किए जाने के निर्देश दे दिए। आदेश के परिपालन में जैसे ही गोदाम के अंदर से खाद का वितरण शुरू हुआ किसान अंदर जाने का प्रयास करने लगे और उन्होंने काउंटर की बेरिकेटिंग और लाइन को तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करना शुरू कर दिया। स्थितियों के चलते वहां पर अफरा तफरी के माहौल बना और जैसे तैसे धक्का मुक्की के बीच पुलिस और मौजूद अधिकारियों ने किसानों को शांत कराया और उनसे शांति और व्यवस्थाएं बनाए रखने की अपील की। इस अफरातफरी और धक्कामुक्की के चलते कुछ किसानों और पुलिस कर्मियों को भी मामूली चोटें भी आई है।
आक्रोशित किसानों ने लगाए आरोप
मामले को लेकर मौजूद किसानों ने आरोप लगाए हैं कि व्यवस्थाओं का हवाला देकर जो बदलाव किए गए हैं उसके चलते उन्हें यूरिया नहीं मिल सकी है। किसानों का कहना है कि बस सुबह से लाइन में लगे रहकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे लेकिन इसी दौरान गोदाम से खाद का वितरण शुरू कर दिया गया जिसके चलते कई किसानों ने इनसे अधिक बार यूरिया ले लिया और वह सारे दिन लाइन में लगे रहने के बाद भी यूरिया नहीं पा सके। दूसरी और उनका कहना यह भी है कि किसानों को उनकी जमीन और जरूरत के हिसाब से यूरिया भी नहीं दी जा रही है
पुलिस प्रशासन अधिकारी रहे मौजूद
किसानों की भीड़ को देखकर सुबह से एसडीएम सौरभ गंधर्व द्वारा पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को डबल लॉक गोदाम में खाद वितरण के लिए तैनात किया गया था जिससे किसानों को यूरिया खाद लेने में दिक्कत ना हो जिसके लिए तारादेही तेन्दूखेड़ा पुलिस स्टाफ के साथ राजस्व विभाग स्टाफ था इस दौरान एसडीएम सौरभ एसडीओपी डीएस ठाकुर तहसीलदार विवेक व्यास दमोह डीएमओ इंद्रपाल सिंह राजपूत नायब तहसीलदार चंदशेखर शिल्पी आरआई करन सिंह ठाकुर सहित पुलिस स्टाफ व राजस्व विभाग का स्टाफ मौजूद था
एसडीएम ने कहा कि बेहतर के लिए किए प्रयास
इसी मामले में एसडीएम सौरभ गंधर्व का कहना है कि उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का प्रयास किया था और अपने सामने ही उन्होंने सभी किसानों को यूरिया खाद वितरण कराई है। उन्होंने बताया कि आंकलन की गई हुई जरूरत से थोड़ी अधिक यूरिया ही मंगाई गई थी और उसे सभी को वितरित किया गया है। चूंकि किसान काफी अधिक थे और पुलिस प्रशासन का अमला कम था जिसके चलते किसानों को परेशानी के हालात थे। उन्हीं परेशानियों को दूर करने नई व्यवस्था बनाई गई थी। किसानों के लिए आज भी खाद का वितरण किया जाएगा
खाद की कोई कमी नही हैं-कलेक्टर श्री कोचर
दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि जिले में कहीं भी खाद की कोई कमी नहीं है तेंदूखेड़ा में कुछ देर के लिए पोर्टल स्लो होने के कारण प्रक्रिया धीमी हुई थी जिससे किसानों को दिक्कत हुई थी जिसे बाद में सुधार कर लिया गया
सुधीर कुमार कोचर कलेक्टर दमोह
प्रभारी का कहना
डबल लॉक प्रभारी टीएस पटेल ने बताया कि रविवार को यूरिया की 3430 बोरी 150 टन पहुंचा है एक किसान को दो-दो बोरी यूरिया दिया जा रहा है शुरू में व्यवस्था बिगड़ी थी लेकिन बाद में एसडीएम, तहसीलदार ,डीएमओ दमोह, पुलिस, राजस्व कर्मचारी पहुंचे जिन्होंने व्यवस्थित व्यवस्था बनवाई है पर्याप्त पर्याप्त मात्रा में यूरिया आ गया है




















