राजनीति

बालाघाट में नक्सलियों पर कसा शिकंजा: CM यादव बोले-‘अब मप्र की धरती पर नहीं बचेंगे नक्सली’, 64 कर्मी पदोन्नत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नक्सल विरोधी अभियानों में अद्वितीय योगदान देने वाले बालाघाट और मण्डला जिले के हॉकफोर्स, जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल (वि.स.बल) के कुल 64 वीर जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में स्पष्ट संदेश दिया कि मध्यप्रदेश की धरती पर अब नक्सलियों की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि नक्सली या तो आत्मसमर्पण करें या फिर समाप्त कर दिए जाएंगे।

बालाघाट लांजी के अवंतीबाई स्टेडियम में आयोजित ऐतिहासिक “क्रम से पूर्व पदोन्नति समारोह” में मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियानों में अद्वितीय योगदान देने वाले बालाघाट और मण्डला जिले के हॉकफोर्स, जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल (वि.स.बल) के कुल 64 वीर जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में वर्ष 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का संकल्प लिया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश सरकार भी पूरी सक्रियता से योगदान दे रही है। उन्होंने बताया कि बालाघाट अब गंभीर नक्सल प्रभावित जिलों की सूची से बाहर आ चुका है, जो सरकार की नीति और पुलिस के परिश्रम का प्रमाण है। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 169 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 93 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें बालाघाट में बनने जा रहे प्रदेश के 51वें आयुर्वेदिक महाविद्यालय की आधारशिला भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेदिक कॉलेज में नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स भी चलाए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। डॉ. यादव ने जल संरक्षण को लेकर चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लांजी स्थित लगभग 300 साल पुरानी ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार के बाद उसका पुनः लोकार्पण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!